बिजौलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 246 किलो डोडा चूरा जब्त, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

May 5, 2026 - 15:34
 0  36
बिजौलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 246 किलो डोडा चूरा जब्त, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

लग्जरी कार से तस्करी, पिस्टल व 21 कारतूस भी बरामद; जब्त माल की कीमत करीब 37 लाख रुपए

भीलवाड़ा।

जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजौलिया थाना पुलिस व जिला विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से 246 किलो 620 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा, एक पिस्टल, दो मैगजीन व 21 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी अल्काजर कार को भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज के मार्गदर्शन एवं जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व वृत्ताधिकारी मांडलगढ़ के सुपरविजन में थाना प्रभारी बिजौलिया ने जिला विशेष टीम की सूचना पर नाकाबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

नाकाबंदी में पकड़ी गई संदिग्ध कार

4 मई को पुलिस को सूचना मिली कि एक सफेद रंग की अल्काजर कार, जिस पर पुलिस का लोगो लगा हुआ है, संदिग्ध हालत में तेज गति से बिजौलिया की ओर आ रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-27 के केसरगंज कट पर नाकाबंदी की। इसी दौरान बताई गई कार को रुकवाकर तलाशी ली गई।

पंजाब निवासी आरोपी गिरफ्तार

तलाशी के दौरान कार से 13 प्लास्टिक कट्टों में भरा डोडा चूरा बरामद हुआ। कार में सवार दो व्यक्तियों ने अपने नाम तकदीर सिंह (27) व दलजीत सिंह (37) निवासी बरनाला (पंजाब) बताए। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 37 लाख की कीमत

 बरामद डोडा चूरा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 37 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित जिला विशेष टीम व साइबर सेल के अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow