रिसोर्ट में खाना खाने को लेकर दो पक्षों में विवाद, लाठी-बोतल और स्टिक से हमला एक पक्ष की रिपोर्ट पर एससी-एसटी एक्ट सहित मारपीट का मामला दर्ज, दोनों पक्षों के घायल अस्पताल में भर्ती

Aug 19, 2026 - 18:31
Aug 19, 2026 - 18:51
 0  3
रिसोर्ट में खाना खाने को लेकर दो पक्षों में विवाद, लाठी-बोतल और स्टिक से हमला एक पक्ष की रिपोर्ट पर एससी-एसटी एक्ट सहित मारपीट का मामला दर्ज, दोनों पक्षों के घायल अस्पताल में भर्ती

बनेड़ा। जयपुर-काकरोली स्टेट हाईवे संख्या 12 पर शाहपुरा मार्ग स्थित कंकोलिया और शोभागपुरा तिराहे के मध्य एक रिसोर्ट में मंगलवार रात खाना खाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए जिला मुख्यालय स्थित निजी चिकित्सालय ले जाया गया।

थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि बरण गांव निवासी पुषालाल पुत्र लादूलाल बलाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार रात वह अपने दोस्तों विनोद पुत्र रामस्वरूप जाट, धर्मराज पुत्र हरनाथ जाट और सावर जाट के साथ शाहपुरा मार्ग स्थित बनेड़ा रिसोर्ट में खाना खाने गया था। इसी दौरान पास की टेबल पर सरदारनगर गांव के कुछ युवक खाना खा रहे थे और तेज आवाज में बोल रहे थे।

रिपोर्ट के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद सरदारनगर के युवकों ने लाठी, बोतल और स्टिक से हमला कर दिया। मारपीट में सावर जाट गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला मुख्यालय स्थित निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर सरदारनगर निवासी भंवर लुहार, मोहन जाट, सुनील माली, मुकेश जाट और शंकर माली के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच शाहपुरा सीओ द्वारा की जा रही है।

वहीं, झगड़े में सरदारनगर गांव के युवकों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। उन्हें भी उपचार के लिए जिला मुख्यालय ले जाया गया। समाचार लिखे जाने तक सरदारनगर पक्ष की ओर से थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow