किताबों से निकले बच्चे, वाटर पार्क में मचाया धमाल!

May 22, 2026 - 16:04
 0  18
किताबों से निकले बच्चे, वाटर पार्क में मचाया धमाल!

गुरुकुल पब्लिक स्कूल का शैक्षणिक भ्रमण बना यादगार

 बनेड़ा।

उपखंड क्षेत्र के लाम्बिया खुर्द स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक एवं मनोरंजक भ्रमण का आयोजन किया गया। इसके तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बिजयनगर स्थित किंग्स आइलैंड वाटर पार्क का दौरा कर भरपूर आनंद उठाया।

 विद्यालय परिसर से सुबह रवाना हुए बच्चों में भ्रमण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। वाटर पार्क पहुंचते ही रंग-बिरंगी वॉटर स्लाइड्स और विशाल वेव पूल ने बच्चों को रोमांचित कर दिया।

 विद्यार्थियों ने विभिन्न जल क्रीड़ाओं का आनंद लिया तथा संगीत की धुनों पर वेव पूल में जमकर मस्ती की। भ्रमण के दौरान बच्चों ने केवल मनोरंजन ही नहीं किया, बल्कि सामूहिक खेलों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से टीम भावना, सहयोग और आपसी समन्वय का भी पाठ सीखा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को जल स्रोतों के आसपास बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी तथा स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों के मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 भ्रमण के सफल आयोजन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश जाट ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि कक्षा कक्ष से बाहर मिलने वाले अनुभव बच्चों के आत्मविश्वास और ज्ञान को नई दिशा प्रदान करते हैं।

विद्यार्थियों के लिए यह शैक्षणिक भ्रमण यादगार साबित हुआ, जिसकी मधुर स्मृतियां लंबे समय तक उनके साथ रहेंगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow