रायसिंहनगर नगरपालिका में इतिहास रचते हुए मनीष मोहन कौशल ने पुनः संभाला अध्यक्ष पद का कार्यभार

Jun 25, 2025 - 12:59
Jun 25, 2025 - 13:23
 0  58
रायसिंहनगर नगरपालिका में इतिहास रचते हुए मनीष मोहन कौशल ने पुनः संभाला अध्यक्ष पद का कार्यभार

हाई कोर्ट व स्वायत्त शासन विभाग के आदेशों के बाद हुई वापसी

अनूपगढ:-डी एल सारस्वत 


रायसिंहनगर नगरपालिका का कार्यकाल इन दिनों इतिहास के पन्नों में दर्ज होता नजर आ रहा है। लगभग दो वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आज पालिका अध्यक्ष पद का कार्यभार मनीष मोहन कौशल उर्फ टोनी ने विधिवत रूप से ग्रहण किया। नगर पालिका परिसर में आयोजित समारोह में पूर्व भाजपा विधायक बलबीर सिंह लूथरा ने अध्यक्ष कौशल को कार्यभार ग्रहण करवाया और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाकर इस क्षण को ऐतिहासिक बना दिया।

विशेष बात यह रही कि वर्तमान नगरपालिका बोर्ड के पांच वर्षीय कार्यकाल में यह छठी बार है जब अध्यक्ष पद का कार्यभार किसी को सौंपा गया है। इससे यह कार्यकाल अध्यक्षों की लगातार तबादलों और फेरबदल के चलते चर्चा में रहा है।

इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता पवन गौतम, नरेंद्र सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूरे परिसर में एक नई ऊर्जा और उम्मीद का माहौल देखा गया।

गौरतलब है कि 12 मई 2023 को कांग्रेस सरकार के शासनकाल में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते मनीष मोहन कौशल को अध्यक्ष पद से निलंबित कर दिया गया था। उसके बाद से यह मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन रहा। हाल ही में आए अदालत के आदेशों के बाद स्वायत्त शासन विभाग ने उन्हें पुनः अध्यक्ष पद पर बहाल कर दिया।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष मनीष मोहन कौशल ने मीडिया से बातचीत में कहा,
"पालिका में रुके हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1 लाख पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।"

नगरवासियों में एक बार फिर उम्मीद जगी है कि मनीष मोहन कौशल के नेतृत्व में शहर में विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow