माली समाज ने जिला अस्पताल केकड़ी को भेंट किए 10 बड़े पंखे, मरीजों को मिलेगी राहत
सीएमओ की मांग पर समाज की पहल, भीषण गर्मी में मरीजों व परिजनों को मिलेगा सुकून
केकड़ी। भीषण गर्मी के बीच मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए माली समाज केकड़ी ने सराहनीय पहल करते हुए राजकीय जिला अस्पताल केकड़ी को 10 बड़े पंखे भेंट किए।
यह सहयोग अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) नवीन जांगिड़ की मांग पर प्रदान किया गया, जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को गर्मी से राहत मिल सकेगी।
जानकारी के अनुसार, गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अस्पताल प्रशासन द्वारा अतिरिक्त पंखों की आवश्यकता जताई गई थी। इस पर माली समाज के पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत सहयोग किया और अस्पताल को 10 बड़े पंखे उपलब्ध करवाए।
इस अवसर पर सीएमओ नवीन जांगिड़ ने माली समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सामाजिक सहयोग अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि समाज के इस योगदान से अस्पताल में बेहतर वातावरण बनेगा और मरीजों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी रामगोपाल करोड़ीवाल, कालूराम करोड़ीवाल एवं बंटी बागवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही बुद्धि प्रकाश मेवाड़ा एवं समरथ खटीक भी मौके पर मौजूद रहे।
माली समाज के प्रतिनिधि रामगोपाल करोडीवाल ने कहा कि समाज हमेशा जनसेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहेगा।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया और अन्य संगठनों से भी इस तरह के सहयोग के लिए आगे आने की अपील की।
What's Your Reaction?







