ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में श्री कृष्णा स्कूल छापरी का दबदबा
कबड्डी में लगातार दूसरी बार चैंपियन, एथलेटिक्स में भी खिलाड़ियों ने जीते पदक
बनेड़ा । सुवाणा ब्लॉक की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। 15 से 17 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन लॉर्ड कॉन्वेंट स्कूल, अगरपुरा में किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक, भीलवाड़ा रामेश्वर प्रसाद जीनगर रहे।
प्रतियोगिता में श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, छापरी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कबड्डी में लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय परिवार एवं खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
कबड्डी के साथ-साथ एथलेटिक्स में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 4×100 मीटर रिले रेस में विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 50 मीटर दौड़ में देवराज गाडरी ने प्रथम स्थान हासिल किया। लंबी कूद में नमन पालीवाल ने प्रथम तथा निखिल चौधरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह के दौरान विजेता कबड्डी टीम एवं विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी एवं टीमें अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय प्राथमिक विद्यालय रुणिया बरड़ा, सरसिया (जहाजपुर) में किया जाएगा।
समारोह के दौरान प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाने वाली टीम का भी सम्मान किया गया। विद्यालय की ओर से निर्णायक टीम को मां सरस्वती की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।
श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल छापरी के इस शानदार प्रदर्शन पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं निर्णायक टीम ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।
What's Your Reaction?







