विश्व पृथ्वी दिवस पर कुंड गेट स्कूल में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

Apr 22, 2026 - 11:30
 0  20
विश्व पृथ्वी दिवस पर कुंड गेट स्कूल में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

छात्र-छात्राओं ने किया पौधों का सिंचन, परिंदे बांधकर पक्षियों को पानी पिलाने का लिया जिम्मा

 शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा: पर्यावरण संरक्षण की दिशा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी आज समय की जरूरत बन चुकी है।

 इसी क्रम में शाहपुरा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कुंड गेट में विश्व पृथ्वी दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया।

 कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पर्यावरण के प्रति सजग और संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

 शिक्षकों ने बच्चों को समझाया कि बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन का मुख्य कारण पर्यावरण असंतुलन है।

 प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन, प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग और पेड़-पौधों की कटाई से धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे मानव जीवन के साथ-साथ पशु-पक्षियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में लगे विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों पौधों का छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ द्वारा जल सिंचन किया गया तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया गया। साथ ही, पक्षियों के लिए परिंदे बांधकर उनमें प्रतिदिन पानी भरने का निर्णय भी लिया गया।

 कार्यक्रम में बच्चों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, जल संरक्षण करने और जीव-जंतुओं व पेड़-पौधों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

 इस मौके पर संस्था प्रधान देवी लाल बेरवा, क्षेत्रीय वन अधिकारी थानमल परिहार, वनपाल खुशवंत सिंह राठौड़, सहायक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह राणावत, शिक्षिका सुधा पारीक, वर्षा व्यास, लाड़ कंवर, रामेश्वर लाल पथरोड सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। संस्था प्रधान देवी लाल बेरवा ने बताया कि विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में सभी ने मिलकर पृथ्वी को हरा-भरा बनाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल संरक्षण करने और प्लास्टिक के उपयोग से बचने का संकल्प लिया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow