हमसब की वाइस की खबर का असर: प्रशासन हरकत में आया, अवैध ब्लास्टिंग पर लगी रोक

Jun 4, 2026 - 19:56
 0  58
हमसब की वाइस की खबर का असर: प्रशासन हरकत में आया, अवैध ब्लास्टिंग पर लगी रोक

भीलवाड़ा।

लांपिया। जिंदल सॉ लिमिटेड की कथित अवैध ब्लास्टिंग एवं खनन गतिविधियों के खिलाफ किसानों का आंदोलन लगातार 338वें दिन भी जारी है। गुरुवार शाम 6 बजे "हमसब की वाइस" न्यूज पोर्टल पर प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और महज आधे घंटे के भीतर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार शाम करीब 6:30 बजे प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र में चल रही कथित अवैध ब्लास्टिंग गतिविधियों को रुकवाया। इससे आंदोलनरत किसानों और ग्रामीणों में उम्मीद की नई किरण जगी है।

गौरतलब है कि ग्रामीण लंबे समय से क्षेत्र में हो रही कथित अवैध ब्लास्टिंग, खनन गतिविधियों और उससे होने वाले नुकसान को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। किसानों का आरोप है कि लगातार हो रही ब्लास्टिंग से मकानों में दरारें पड़ रही हैं, कृषि भूमि प्रभावित हो रही है तथा आमजन का जीवन भी खतरे में पड़ रहा है।

इसी बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रस्तावित रात्रि चौपाल में इस मुद्दे को उठाने की तैयारी कर रहे ग्रामीणों की आवाज को "हमसब की वाइस" ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर सामने आने के बाद प्रशासन की त्वरित सक्रियता चर्चा का विषय बन गई।

धरनारत किसानों ने कहा कि प्रशासन द्वारा ब्लास्टिंग रुकवाना सकारात्मक कदम है, लेकिन उनकी मांग केवल अस्थायी रोक नहीं बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर स्थायी रोक लगाने की है।

ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उनकी सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन की कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों को फिलहाल कुछ राहत जरूर मिली है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाली पत्रकारिता और जनता की आवाज बनने वाले मीडिया की सक्रियता से प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow