*महिलाओं ने लगाया अवैध कारोबार का आरोप,
रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग*
बागोर। थाना क्षेत्र के भीलखेड़ा (अड़सीपुरा) गांव की महिलाओं ने एक व्यक्ति के खिलाफ अवैध शराब बिक्री, महिलाओं के प्रति अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप लगाते हुए बागोर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। महिलाओं ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिलाओं का आरोप है कि आरोपी गांव में लंबे समय से अवैध रूप से देसी और विदेशी शराब का कारोबार कर रहा है। इससे गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है तथा युवाओं पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
महिलाओं ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी द्वारा गांव की महिलाओं और युवतियों के बारे में आपत्तिजनक एवं अशोभनीय टिप्पणियां की जाती हैं। विरोध करने पर कथित रूप से धमकियां भी दी जाती हैं, जिससे ग्रामीण महिलाएं भय और असुरक्षा का अनुभव कर रही हैं।
महिलाओं का कहना है कि उनके पास कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं, जिन्हें वे जांच के दौरान पुलिस को साक्ष्य के रूप में उपलब्ध करा सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
What's Your Reaction?







