1000 छात्रों का भविष्य पानी में
3 साल से 6 महीने पानी में डूबता स्कूल, स्थाई समाधान की मांग
शाहपुरा (राजेन्द्र खटीक): उप तहसील ढिकोला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पिछले तीन वर्षों से बनी जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव मनीष नायक ने सरकार और शिक्षा विभाग पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।
मनीष नायक ने बताया कि विद्यालय में करीब 1000 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन हर साल लगभग 6 महीने तक परिसर में घुटनों तक पानी भरा रहता है। इस कारण बच्चों को कक्षाओं तक पहुंचने में भारी दिक्कत होती है और पढ़ाई बाधित हो रही है।
साथ ही गंदगी और ठहरे पानी से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और स्कूल प्रशासन पिछले तीन वर्षों से लगातार अधिकारियों को समस्या से अवगत करा रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है, समाधान नहीं।
नायक ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में जल निकासी की स्थाई व्यवस्था की जाए, ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि राज्य सरकार द्वारा जर्जर स्कूलों की मरम्मत के लिए जारी दिशा-निर्देशों के तहत अब इस समस्या का भी समाधान होगा।
What's Your Reaction?







