*रखरखाव के दावों के बावजूद नहीं सुधरी बिजली व्यवस्था,

Jun 20, 2026 - 10:46
Jun 20, 2026 - 10:48
 0  21
*रखरखाव के दावों के बावजूद नहीं सुधरी बिजली व्यवस्था,

बार-बार कटौती से ग्रामीणों में नाराजगी* 

 बागोर/भीलवाड़ा

बागोर फीडर से जुड़े बावलास, अड़सीपुरा, कापड़िया माता मगरी सहित आसपास के गांवों में बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मामूली फॉल्ट के बाद भी घंटों तक बिजली बहाल नहीं हो पाती, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार विद्युत विभाग की ओर से समय-समय पर रखरखाव कार्य एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए बिजली बंद रखने की सूचना दी जाती है। इसके बावजूद क्षेत्र की स्थिति में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बागोर से बावलास तक गुजरने वाली 11 केवी लाइन के कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां अब भी बिजली तारों के बेहद करीब हैं। तेज हवा या बारिश के दौरान यही टहनियां फॉल्ट और बिजली कटौती का कारण बनती हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष रखरखाव एवं पे

ड़ों की छंटाई के नाम पर कार्य किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई स्थानों पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते लाइनों के आसपास उगी टहनियों की नियमित छंटाई और आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाएं तो बार-बार होने वाली बिजली बाधित होने की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।

हादसे की आशंका भी बरकरार

ग्रामीणों ने बताया कि कई जगह बिजली के तार पेड़ों की शाखाओं के बीच से गुजर रहे हैं, जिससे न केवल फॉल्ट की समस्या बनी रहती है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि मानसून के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाना जरूरी है।

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

लगातार बिगड़ती व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों का सवाल है कि जब हर साल रखरखाव और लाइन सुधार के लिए बजट खर्च किया जाता है तो फिर क्षेत्र में बार-बार बिजली बाधित होने और लाइनों के आसपास पेड़ों की टहनियां बने रहने जैसी समस्याएं क्यों बनी हुई हैं। यही प्रश्न अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow