अवैध कचरा डिपो हटाने की मांग, राहगीरों को हो रही परेशानी
ब्यावर।
स्थानीय सूरजपोल गेट के बाहर पुराने मसूदा रोड किनारे स्थित अवैध कचरा डिपो को हटाने की मांग तेज हो गई है। सामाजिक संगठन पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट के महासचिव हेमचंद आर्य ने नगर परिषद प्रशासन से इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
हेमचंद आर्य ने बताया कि सड़क किनारे बने इस कचरा डिपो में डाला जाने वाला कचरा दिनभर सड़क पर फैलता रहता है, जिससे आसपास गंदगी का माहौल बना रहता है। इसके अलावा कचरे के कारण बड़ी संख्या में आवारा पशु यहां एकत्रित हो जाते हैं और आपस में लड़ते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं की वजह से क्षेत्र से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार पशुओं की लड़ाई के दौरान नागरिक चोटिल भी हो चुके हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट ने नगर परिषद प्रशासन से जनहित में उक्त अवैध कचरा डिपो को तत्काल हटाकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करने की मांग की है।
What's Your Reaction?







