अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर संत निरंकारी मिशन का व्यापक योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता अभियान
भीलवाड़ा।
‘‘निरोगी तन, निर्मल मन और जागृत आत्मा’’ के पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संत निरंकारी मिशन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशव्यापी योग एवं आध्यात्मिक चेतना अभियान का आयोजन किया जा रहा है। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में आयोजित यह अभियान मानव कल्याण, समग्र स्वास्थ्य और आत्मिक उत्थान को समर्पित है।
संत निरंकारी मिशन के स्थानीय मुखी संत ग्यारसी लाल ने बताया कि 21 जून रविवार को प्रातः 6 बजे भीलवाड़ा के सिंधु नगर स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन सहित चित्तौड़गढ़, उदयपुर, बांसवाड़ा, पुंजपुर जोन एवं देशभर के 1500 से अधिक केंद्रों पर एक साथ योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में स्थानीय योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में श्रद्धालु, सेवादल स्वयंसेवक एवं आमजन योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश देंगे।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने अपने संदेश ‘‘स्वस्थ मन, सहज जीवन’’ के माध्यम से कहा है कि जीवन की वास्तविक समृद्धि केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक संतुलन, आध्यात्मिक जागरूकता और मानवीय मूल्यों के विकास में निहित है। योग व्यक्ति को आत्मबोध, आंतरिक शांति और विश्वबंधुत्व की भावना से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ रखी गई है, जो शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के संतुलित विकास का संदेश देती है। संत निरंकारी मिशन इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए समाज में योग के प्रति जागरूकता का प्रसार कर रहा है।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव जोगिन्दर सुखीजा ने बताया कि वर्ष 2015 से फाउंडेशन द्वारा योग दिवस का राष्ट्रव्यापी अभियान नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत तथा आत्मा को जागृत करने का कार्य करती है। इसके नियमित अभ्यास से तनाव कम होता है और व्यक्ति सकारात्मक, संतुलित एवं आनंदमय जीवन की ओर अग्रसर होता है।
मिशन के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वस्थ, जागरूक एवं आध्यात्मिक जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया है।
What's Your Reaction?







