निजी अस्पतालों के बाहर NH-48 की सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग का कब्जा,यातायात व्यवस्था प्रभावित।

Jun 9, 2026 - 08:56
Jun 9, 2026 - 15:31
 0  24
निजी अस्पतालों के बाहर NH-48 की सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग का कब्जा,यातायात व्यवस्था प्रभावित।

कोटपूतली।राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर शहर क्षेत्र में स्थित कई निजी अस्पतालों के बाहर हाईवे के दोनों तरफ सर्विस लेन पर हो रही अवैध पार्किंग यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। अस्पतालों में आने वाले मरीजों, परिजनों और कर्मचारियों के वाहन सड़क किनारे तथा सर्विस लेन में खड़े किए जाने से मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रहती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बड़े-बड़े निजी अस्पताल तो स्थापित किए जा रहे हैं, लेकिन उनमें वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं की गई है। परिणामस्वरूप अस्पतालों में आने वाले अधिकांश वाहन हाईवे की सर्विस लेनों पर ही खड़े किए जाते हैं। इससे न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही में भी बाधा उत्पन्न होती है।लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों द्वारा समय-समय पर कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। हाईवे की सर्विस लेन, जो सुगम यातायात के लिए बनाई गई थी, वह कई स्थानों पर पार्किंग स्थल में तब्दील होती नजर आ रही है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मामले का संज्ञान लेकर अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा निजी अस्पताल संचालकों को पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

BR saini कोटपूतली बहरोड