अनुकंपा स्काई डेक सोसाइटी में कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया,

Jun 5, 2026 - 17:57
 0  9
अनुकंपा स्काई डेक सोसाइटी में कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया,

भागवत कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

भीलवाड़ा =

 100 फीट रोड स्थित अनुकंपा स्काई डेक सोसाइटी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कथा पांडाल को आकर्षक सजावट से सजाया गया तथा श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त किया।

कथावाचक श्री योगेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा में राजा भागीरथ द्वारा गंगा को पृथ्वी पर लाने का प्रसंग, सूर्यवंश का वर्णन, भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, राम-वनवास, केवट प्रसंग, माता सीता हरण, सुग्रीव मित्रता, बाली वध एवं रावण वध सहित अनेक प्रेरणादायी प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने पारिवारिक एकता पर बल देते हुए कहा कि परिवार में प्रेम, संस्कार और आपसी सहयोग बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं एवं युवाओं से परिवार को जोड़कर रखने का आह्वान किया।

 महाराज ने कहा कि "बेटे एक कुल को संवारते हैं, जबकि बेटियां दो कुलों को संवारती हैं", इसलिए बेटियों का सम्मान और संस्कारों का संरक्षण समाज की प्राथमिकता होना चाहिए। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण जन्म की मनोहारी कथा का वर्णन किया गया। वासुदेव द्वारा नवजात कृष्ण को यमुना पार ले जाने का प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया गया।

इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई और जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, आरती एवं नृत्य के साथ नंदोत्सव मनाया।

आयोजकों ने बताया कि गुरुवार को कथा में कृष्ण लीला, फाग उत्सव एवं 56 भोग का विशेष आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow