कोटपूतली में तूफानी बारिश और आंधी का कहर, नगरपरिषद का बोर्ड गिरा, टीन शेड उड़कर मकान पर गिरा

Jun 7, 2026 - 21:35
Jun 7, 2026 - 23:17
 0  2
कोटपूतली में तूफानी बारिश और आंधी का कहर, नगरपरिषद का बोर्ड गिरा, टीन शेड उड़कर मकान पर गिरा
कोटपूतली में तूफानी बारिश और आंधी का कहर, नगरपरिषद का बोर्ड गिरा, टीन शेड उड़कर मकान पर गिरा

कोटपूतली।रविवार शाम करीब 5:30 बजे क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट ली। करीब आधे घंटे तक चली तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं और बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई, वहीं बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। तेज तूफानी हवाओं के कारण कोटपूतली - बानसूर सीमा पर लगा कोटपूतली नगर परिषद का बड़ा बोर्ड सड़क पर गिर गया। सौभाग्य से उस समय कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बोर्ड गिरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से हटाकर सुचारू किया गया। बारिश के चलते बानसूर, नारायणपुर सहित आसपास के कई क्षेत्रों की सड़कों पर पानी भर गया। निचले इलाकों में जलभराव होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मुख्य मार्गों पर भी पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित रहा। वहीं सबलपुरा ग्राम पंचायत की फूल सिंह की ढाणी में तेज आंधी के कारण करीब 30×38 फीट का टीन शेड उड़कर मनोज सिंह चौहान के मकान पर जा गिरा, जिससे मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। तूफान का असर बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिला। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया। क्षेत्र में अचानक आए इस तूफानी मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई स्थानों पर नुकसान और अव्यवस्था भी छोड़ गया। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

BR saini कोटपूतली बहरोड