पुर में राजसरोवर तालाब से वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का शुभारंभ,
जल संरक्षण का दिया संदेश
भीलवाड़ा।
जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से जल संसाधन विभाग, भीलवाड़ा द्वारा मंगलवार को “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” का शुभारंभ किया गया।
अभियान के तहत राजसरोवर तालाब परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना, स्वच्छता गतिविधियों एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता ललित टांक ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और आमजन में जल बचाने के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत राजसरोवर तालाब पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जहां पंडित गोविंद व्यास ने विधिविधान से पूजन करवाया तथा दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान के अंतर्गत तालाब एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई तथा जल स्रोतों में बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने के लिए विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाते हुए जल की प्रत्येक बूंद के महत्व को समझाया गया।
अधिकारियों एवं नागरिकों ने श्रमदान कर जलाशय क्षेत्र की सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाई।
सहायक अभियंता ललित टांक ने कहा कि जल संकट की चुनौती को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह जल स्रोतों की सुरक्षा एवं संरक्षण में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जलाशयों को प्रदूषण मुक्त रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभागीय कर्मचारी संपत आचार्य के साथ ही उपनगरपुर से बंशी लाल माली, भगवान लाल माली, देवी लाल गाडरी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने जल संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
अभियान के माध्यम से समाज में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचा है तथा लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी मजबूत हुआ है।
What's Your Reaction?







