पांच मिनट की बारिश में फिर विद्यालय बना तालाब
कांग्रेस नेता ने सरकार पर साधा निशाना
शाहपुरा/ढीकोला।
उपतहसील मुख्यालय ढीकोला स्थित राजकीय विद्यालय में जलभराव की समस्या एक बार फिर सामने आ गई।
हाल ही में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अभाव-अभियोग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव मनीष नायक ने विद्यालय परिसर में जलभराव को लेकर सरकार और संबंधित विभागों को घेरते हुए व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
बताया गया कि हाल ही में हुई महज पांच मिनट की बेमौसम बारिश के बाद विद्यालय परिसर फिर से जलमग्न हो गया और पूरा परिसर तालाब जैसा नजर आने लगा। इससे विद्यालय में अध्ययनरत करीब एक हजार छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
मनीष नायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस गंभीर समस्या की जानकारी प्रदेश के शिक्षा मंत्री तक पहुंचाई गई थी। मंत्री ने स्थानीय विधायक और बीडीओ से संपर्क करने की बात कही थी, लेकिन स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का मंदिर कहलाने वाला विद्यालय ही अव्यवस्थाओं का शिकार है, जो प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को दर्शाता है।
नायक ने सवाल उठाया कि आखिर मासूम विद्यार्थियों का क्या दोष है, जो उन्हें बार-बार इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अभिषेक पाराशर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
स्थानीय लोगों ने भी विद्यालय परिसर से जल निकासी की उचित व्यवस्था कर विद्यार्थियों को राहत दिलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?







