अधूरी नाली बनी हादसों का कारण, बारिश में बछड़ा गिरा

Jun 6, 2026 - 09:24
 0  99
अधूरी नाली बनी हादसों का कारण, बारिश में बछड़ा गिरा

लोगों ने बचाया

भीलवाड़ा। शहर के उपनगर पुर स्थित वार्ड संख्या 2 में नगर निगम द्वारा चंबल प्रोजेक्ट के सामने निर्मित की गई नाली स्थानीय लोगों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बनती जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नाली निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही और नाली में लगातार पानी भरा रहता है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार नाली की गहराई करीब पांच फीट तथा चौड़ाई लगभग दो फीट है। अत्यधिक गहराई होने के कारण इसकी नियमित सफाई भी संभव नहीं हो पा रही है। वहीं खुली नाली छोटे बच्चों एवं मवेशियों के लिए भी खतरा बनी हुई है।

स्थानीय निवासी कालूराम माली ने बताया कि शुक्रवार रात्रि करीब 10 बजे हुई बारिश के दौरान एक गाय का छोटा बछड़ा नाली में गिर गया। क्षेत्र में बिजली बंद होने के कारण शुरुआत में किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। बाद में बछड़े की आवाज सुनने पर उसके नाले में गिरने का संदेह हुआ।

घटना की सूचना नगर निगम को दी गई तथा आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया गया। स्थानीय लोगों ने मिलकर बछड़े को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कुछ ही देर में गो सेवा दल के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और बछड़े को उपचार एवं देखभाल के लिए गोशाला ले गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बछड़े का पता नहीं चलता तो बड़ा हादसा हो सकता था। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से नाली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने, पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने तथा सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow