6 साल से अधूरी पुलिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
आंदोलन और चक्का जाम की चेतावनी
भीलवाड़ा।
शहर के उपनगर सांगानेर क्षेत्र में पिछले करीब छह वर्षों से निर्माणाधीन पुलिया आमजन के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
पुलिया का कार्य अधूरा होने से प्रशासन द्वारा बनाया गया वैकल्पिक मार्ग भी जर्जर स्थिति में है, जिसके चलते आए दिन राहगीर दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि खराब सड़क के कारण कई लोगों को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर तक हो चुके हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि प्रसूता महिलाओं को अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में ही प्रसव करवाने की नौबत आ चुकी है।
लोगों का कहना है कि कई बार यूआईटी अधिकारियों और प्रशासन को समस्या से अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
सांगानेर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिया निर्माण कार्य शीघ्र पूरा नहीं किया गया और वैकल्पिक मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया तो बड़ा जनआंदोलन एवं चक्का जाम किया जाएगा।
लोगों ने सवाल उठाया कि प्रदेश और केंद्र में डबल इंजन सरकार होने के बावजूद वर्षों से विकास कार्य अधूरे क्यों पड़े हैं।
इधर अजमेर रोड स्थित जोधड़ास फाटक तथा कोटा बाईपास के पास निर्माणाधीन पुलियाओं का कार्य भी धीमी गति से चल रहा है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिक कैलाश सुवालका, गोपाललाल शर्मा, राधेश्याम, भेरूलाल अग्रवाल, सुनील शर्मा, राजकुमार कोठारी, मनोहर सेन और राकेश खिचड़ा सहित कई लोगों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्य पूरा कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?







