संदिग्ध मौत मामले में न्याय की मांग को लेकर खटीक समाज का प्रदर्शन
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
गंगापुर/भीलवाड़ा।
ग्राम उल्लाई, तहसील सहाड़ा निवासी स्वर्गीय किशनलाल खटीक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
आम चौखला खटीक समाज उल्लाई (गंगापुर) के बैनर तले समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी गंगापुर को ज्ञापन सौंपा तथा मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
समाज प्रतिनिधियों ने बताया कि 25 मई 2026 को किशनलाल खटीक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। परिजनों ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
घटना के बाद मृतक परिवार शोक और सदमे में है, वहीं समाज के लोगों में भी रोष देखा जा रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
समाजजनों का कहना है कि निष्पक्ष जांच से ही पीड़ित परिवार को न्याय मिल सकेगा और आमजन का कानून पर विश्वास बना रहेगा। समाज ने राज्य सरकार से मृतक परिवार को 50 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को संविदा अथवा स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग भी की। साथ ही न्यायिक प्रक्रिया के दौरान पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने कहा कि यह मामला सामाजिक न्याय और कानून व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो समाज बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा।
मीडिया प्रभारी मोहम्मद अशरफ रंगरेज ने कहा कि राज्य सरकार को मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और आमजन का संविधान एवं कानून व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे।
इस अवसर पर ज्ञानचंद खटीक (अध्यक्ष, डॉ. भीमराव अंबेडकर युवा संगठन संस्था रायपुर), चिरंजीवी रेगर (भीम आर्मी, भीलवाड़ा), रायमल भील (जौहर समिति, आसींद), राजू भील (भील विकास समिति, कोशीथल), संजय खटीक, उदयलाल खटीक, गोपीलाल खटीक, कमलेश खटीक, सुरेश खटीक सहित बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







