अघोषित बिजली कटौती, पेयजल संकट और सफाई व्यवस्था को लेकर मजदूर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

Jun 8, 2026 - 14:23
 0  5
अघोषित बिजली कटौती, पेयजल संकट और सफाई व्यवस्था को लेकर मजदूर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

बनेड़ा।

अखिल भारतीय मजदूर कांग्रेस की ओर से क्षेत्र में व्याप्त अघोषित बिजली कटौती, पेयजल समस्या, सफाई व्यवस्था की बदहाली सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

ब्लॉक अध्यक्ष इब्राहिम खां पठान के नेतृत्व में एसडीएम बाबूलाल को दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कई दिनों से ब्लॉक क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। लगातार प्रतिदिन एक से दो घंटे की बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं। वहीं लो-वोल्टेज के कारण लोगों के घरेलू विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि चंबल परियोजना के अंतर्गत तहसील क्षेत्र की अधिकांश ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति नियमित और पर्याप्त नहीं हो रही है, जिससे गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन रही है। नाले-नालियों के अवरुद्ध होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। साथ ही गंदगी और रुके हुए पानी से दुर्गंध फैल रही है तथा जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। संगठन ने चेतावनी दी कि ऐसी परिस्थितियों में पेयजल स्रोत भी दूषित होने की आशंका बनी रहती है।

ज्ञापन में नगरपालिका क्षेत्र में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्यों पर भी सवाल उठाए गए। आरोप लगाया गया कि उपखंड कार्यालय से घाटी के हनुमानजी रोड तक किए गए निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई है। सड़क निर्माण के दौरान बीच सड़क में स्थित बिजली के खंभे को हटाए बिना ही कार्य कर दिया गया, जिससे आमजन की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो गया है।

मजदूर कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक निर्देश देकर समस्याओं का समाधान कराया जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आमजन को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

इस दौरान रामजस कुमावत, राजेश कुमार शर्मा, कल्याणमल जाट, विजेंद्र चौधरी, शंकरलाल गुर्जर सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow