हाईवे पर अचानक आई गाय बनी हादसे की वजह

May 23, 2026 - 15:26
May 23, 2026 - 15:37
 0  26
हाईवे पर अचानक आई गाय बनी हादसे की वजह

टेंपो ट्रैवलर पलटा; कई घायल, 2 किलोमीटर लंबा जाम

रिपोर्टर : प्रकाश चंद्र |

 भीलवाड़ा मांडल। जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे-48 पर शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।

 मांडल क्षेत्र स्थित खंडेश्वर जी मंदिर के पास अचानक हाईवे पर गाय आ जाने से यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गाय से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर में सवार यात्री सीकर से प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान तड़के करीब चार बजे जैसे ही वाहन खंडेश्वर जी मंदिर के निकट पहुंचा, तभी अचानक एक गाय हाईवे पर आ गई। चालक के वाहन को संभालने के प्रयास के बावजूद टक्कर हो गई और वाहन असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन सड़क पर पलटने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब दो किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। सुबह के समय हाईवे पर गुजरने वाले अन्य वाहन चालक भी काफी देर तक जाम में फंसे रहे। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा तत्काल मौके पर पहुंची।

 एंबुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत और मेल नर्स गिरिराज पायक ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया तथा उन्हें उप जिला चिकित्सालय मांडल पहुंचाया।

हादसे में संतोष पोद्दार (48), किशन पोद्दार (45), दुर्गा पोद्दार (44), मनीषा पोद्दार (42), सीमा पोद्दार (36) एवं विनय पोद्दार (23) घायल हुए।

चिकित्सकों द्वारा घायलों का उपचार किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं टक्कर में गाय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी।

 गौरतलब है कि नेशनल हाईवे पर आवारा पशुओं की मौजूदगी लगातार हादसों का कारण बन रही है। पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाने से वाहन चालकों में चिंता बनी हुई है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow