पंचशीलनगर में सौरऊर्जा पथदीप, सड़क एवं नाला निर्माण का भूमिपूजन
सरपंच रवींद्र विशे की पहल से ग्राम विकास को मिली नई गति
भगवानदास विश्वकर्मा
महाराष्ट्र
भिवंडी तालुका के अंतर्गत पडघा ग्राम पंचायत क्षेत्र में विविध विकास कार्यों के उद्घाटन एवं भूमिपूजन समारोह का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
तीव्र गति से विकसित हो रहे पडघा ग्राम में ग्राम पंचायत के माध्यम से जनसुविधा योजना अंतर्गत सीमेंट कंक्रीट सड़क, नाला निर्माण तथा सौरऊर्जा पथदीप (स्ट्रीट लाइट) की स्थापना की गई है।
समारोह का प्रमुख आकर्षण पंचशीलनगर क्षेत्र के वाफाले रोड पर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन रहा।
सरपंच रवींद्र विशे के नेतृत्व में यह कार्य प्रारंभ किया गया है, जबकि ग्रामनिधि से नाले के निर्माण का कार्य भी आरंभ हुआ है।
पंचायत समिति, भिवंडी द्वारा स्वीकृत सौरऊर्जा पथदीपों का उद्घाटन तथा सरपंच विशे के व्यक्तिगत व्यय से निर्मित आकर्षक प्रवेशद्वार का लोकार्पण भी इस अवसर पर किया गया।
इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत निधि से क्रय की गई बैठक बेंचों (बाकडों) का ग्रामवासियों में वितरण किया गया, जिससे नागरिकों में प्रसन्नता एवं उत्साह का वातावरण निर्माण हुआ।
इस अवसर पर शिवसेना के वरिष्ठ नेता एवं जिला परिषद सदस्य, पारसिक सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष प्रकाश पाटील, उपसरपंच मयुरेश गंधे, ग्राम पंचायत अधिकारी भास्कर घुडे, सदस्य शैलेश बिडवी, कृषि उत्पन्न बाजार समिति के पूर्व सभापति डॉ. संजय पाटील, पडघा सोसायटी के पूर्व सभापति गुरुनाथ मते, पूर्व सरपंच शशांक तांबोळी, प्रताप विशे, गुरुनाथ मोरे, अधिवक्ता प्रदीप मते, विनोद शेलार, शरद जाधव, उत्तम विशे, प्रदीप गायकवाड एवं संदीप विशे सहित अनेक मान्यवर उपस्थित थे।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन गणेश गायकवाड ने किया। इस भव्य आयोजन के माध्यम से पडघा ग्राम पंचायत ने ग्राम विकास की दिशा में एक और मजबूत एवं अनुकरणीय कदम बढ़ाया है।
What's Your Reaction?







