108 एंबुलेंस सेवा के बेस्ट पायलट बने प्रभु प्रजापत, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए हुए सम्मानित
भीलवाड़ा/जयपुर।
राजस्थान सरकार की 108 जीवन वाहिनी एंबुलेंस सेवा के तहत आयोजित पायलट दिवस कार्यक्रम में भीलवाड़ा जिले के प्रभु प्रजापत (मांडल) को जिला स्तर पर बेस्ट पायलट सम्मान से नवाजा गया। उन्हें आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य एवं समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
जीवीके ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विस जयपुर एवं 108 इमरजेंसी सेवा विभाग द्वारा आयोजित समारोह में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा, स्टेट हेड मधुसूदन भोमिया, प्रोग्राम मैनेजर गौरव कुमार त्रिपाठी, जिला इंचार्ज अनिल गोड़ एवं भूपेश शर्मा की उपस्थिति में प्रभु प्रजापत को स्मृति चिन्ह, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार प्रभु प्रजापत पिछले लगभग 10 वर्षों से 108 एंबुलेंस सेवा में कार्यरत हैं। इस दौरान उन्होंने अनेक गंभीर और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कोरोना महामारी, स्वाइन फ्लू, भारी बारिश, कड़ाके की सर्दी और भीषण गर्मी जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए सेवा कार्य जारी रखा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि एंबुलेंस का सायरन केवल एक आवाज नहीं, बल्कि संकट में फंसे मरीज और उसके परिजनों के लिए उम्मीद की किरण होता है।
ऐसे में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े पायलट दिन-रात लोगों की जान बचाने के लिए तत्पर रहते हैं। प्रभु प्रजापत का सम्मान इसी समर्पण और सेवा भावना का प्रतीक है।
What's Your Reaction?







