हरियाणा मॉडल लागू करने की मांग को लेकर व्यावसायिक शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा।
अखिल राजस्थान कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के आह्वान पर चल रहे सात दिवसीय विरोध कार्यक्रम के तहत मंगलवार को एकीकृत महासंघ भीलवाड़ा के बैनर तले व्यावसायिक प्रशिक्षक संघर्ष समिति राजस्थान ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर राजस्थान में हरियाणा मॉडल लागू करने की मांग की।
महासंघ जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट ने बताया कि कर्मचारियों की 25 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर सरकार द्वारा सकारात्मक निर्णय नहीं लिए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा।
व्यावसायिक शिक्षक मुरलीधर शर्मा ने बताया कि राजस्थान में कार्यरत वोकेशनल शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है तथा उन्हें नौकरी की सुरक्षा का लाभ भी प्राप्त नहीं है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों में व्यावसायिक शिक्षकों को 35 से 40 हजार रुपये तक वेतन एवं 60 वर्ष तक सेवा सुरक्षा उपलब्ध है, जबकि राजस्थान के शिक्षक इन सुविधाओं से वंचित हैं।
महासंघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अमित व्यास ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो राजस्थान के व्यावसायिक शिक्षक राजधानी जयपुर में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने वेतन भुगतान, सेवा सुरक्षा एवं अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए राज्य सरकार से हरियाणा मॉडल लागू करने का आग्रह किया।
What's Your Reaction?







