दादाबड़ी में बावड़ी में तैरता मिला 4 दिन से लापता बुजुर्ग का शव, फैली सनसनी,पुलिस जुटी जांच में
भीलवाड़ा-भीमगंज थाना क्षेत्र स्थित दादाबाड़ी इलाके में गुरुवार सुबह आत्माराम मुक्ति धाम की बावड़ी में एक बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक पिछले चार दिनों से घर से लापता थे। उनका शव घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित एक धार्मिक स्थल की बावड़ी में तैरता हुआ मिला।
स्थानीय लोगों ने बावड़ी में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बावड़ी से बाहर निकलवाया और पहचान की कार्रवाई शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बताया कि गत 1 जून को कोली मोहल्ला निवासी रामदयाल कोली उम्र 74 वर्ष अचानक लापता हो गए थे। इसके बाद से ही परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। आज गुरुवार सुबह उनका शव आत्माराम मुक्ति स्थल में स्थित बावड़ी में तैरता हुआ मिला।
थाना प्रभारी चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, तो बुजुर्ग रामदयाल कोली अकेले ही बावड़ी की तरफ जाते हुए नजर आए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?







