अवैध संबंधो के शक में दो बेटों ने मिलकर दबाया अपने पिता का गला
मध्य प्रदेश
शहडोल। रिश्तों में जब भरोसा टूटता है तो खून के रिश्ते भी बेरंग हो जाते हैं। शक ने एक पिता की जान ले ली और दो बेटों की जिंदगी सलाखों के पीछे बंद कर दी।
शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी प्रेमलाल साहू की जमीन का एसईसीएल ने अधिग्रहण किया, जिसका 15 लाख रुपए मुआवजा मिला । मुआवजा मिलने के बाद प्रेमलाल अपने बड़े बेटे बबलू साहू के ससुराल अनूपपुर जिले के खांडा गांव में जाकर अपनी बहू और समधन के साथ रहने लगा ।
बबलू को शक हो गया कि उसके पिता के उसकी सास और पत्नी से नाजायज संबंध हैं।
पत्नी के लंबे समय से वापस ससुराल नहीं लौटने और पिता पर शक की वजह से बबलू का गुस्सा बढ़ता गया।
आखिरकार उसने अपने छोटे भाई राजकर शाहू के साथ मिलकर खौफनाक कदम उठा लिया। दोनों भाई खांडा पहुंचे और वहां पिता प्रेमलाल की बेरहमी से पिटाई कर दी। जब स्थानीय लोगों ने रोकने की कोशिश की तो दोनों उन्हें घर रामपुर लेकर आ गए। दोनों भाइयों ने मिलकर पिता की बेदम पिटाई की और गला घोंटकर हत्या कर दी।
इस दौरान बबलू ने अपनी पत्नी को फोन लगाया और कहा देखो तुम्हारे चलते मैंने अपने पिता का गला दबा दिया। अब इसकी आखिरी सांस चल रही है। पत्नी ने फोन पर उन्हें ऐसा करने से रोका। रोकने पर भी दोनों नहीं माने और पिता की हत्या कर दी।
पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों बेटों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
इस मामले में अमलाई थाना प्रभारी जेपी शर्मा ने बताया कि दोनों बेटों ने अपने पिता की गला घोंटकर हत्या कर दी है।मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
What's Your Reaction?







