पारोली पुलिस ने मंदिर चोरी का किया खुलासा
आरोपी गिरफ्तार, चांदी का मुकुट बरामद
भीलवाड़ा।
जिले की पारोली थाना पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस ने आरोपी त्रिलोक पाराशर (42) निवासी चैनपुरा, थाना काछोला को गिरफ्तार किया है, जिसने मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करना स्वीकार किया है।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशानुसार जिले में चोरी की घटनाओं की रोकथाम एवं खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा राजेश आर्य तथा पुलिस उपाधीक्षक कोटड़ी सुरेश कुमार के सुपरविजन में पारोली थानाधिकारी सियाराम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम बिशनियां निवासी बालमुकुंद ब्राह्मण ने 28 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि मंदिर में भगवान के शिखर पर लगा करीब 200 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण एवं संदिग्ध के रूट की जांच के आधार पर आरोपी त्रिलोक पाराशर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर चोरी किया गया मुकुट बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मंदिरों की रेकी कर वहां रखे आभूषणों की चोरी करता था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी एवं अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले में अग्रिम अनुसंधान कर रही है।
What's Your Reaction?







