नई पानी की टंकी शुरू होते ही फूटी पुरानी पाइपलाइनें,

May 16, 2026 - 15:54
 0  159
नई पानी की टंकी शुरू होते ही फूटी पुरानी पाइपलाइनें,

PHED विभाग एक्शन मोड में

शाहपुरा। कस्बे में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए जलदाय विभाग द्वारा निर्मित नई पानी की टंकी आखिरकार शुरू हो गई। टंकी के चालू होते ही जहां आमजन में खुशी की लहर दौड़ गई, वहीं पहले ही दिन तकनीकी चुनौती भी सामने आ गई। नई टंकी से जलापूर्ति शुरू होते ही हाई प्रेशर के कारण कस्बे की कई पुरानी पाइपलाइनें फट गईं, जिससे मुख्य सड़कों और गलियों में पानी बहने लगा।

एक्सईएन मयंक शर्मा ने मौके पर संभाली कमान

जैसे ही जगह-जगह पाइपलाइन लीकेज और फॉल्ट की सूचना मिली, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) तुरंत हरकत में आ गया। अधिशाषी अभियंता (XEN) मयंक शर्मा स्वयं तकनीकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सुधार कार्य शुरू करवाया। कड़ी धूप और चुनौतीपूर्ण हालातों के बीच एक्सईएन शर्मा लगातार मौके पर मौजूद रहकर कर्मचारियों को दिशा-निर्देश देते रहे। उन्होंने विभागीय टीम को निर्देश दिए कि जब तक पानी का दबाव पूरी तरह संतुलित नहीं हो जाता, तब तक क्षेत्र में लगातार मॉनिटरिंग रखी जाए ताकि दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।

वर्षों पुरानी पाइपलाइनें बनी परेशानी का कारण

 विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कस्बे में वर्षों पुरानी पाइपलाइनें नई टंकी के बढ़े हुए हाइड्रोस्टेटिक प्रेशर को सहन नहीं कर सकीं। टंकी की ऊंचाई और क्षमता अधिक होने से पानी का दबाव अचानक बढ़ गया, जिसके चलते कमजोर जोड़ों से भारी रिसाव शुरू हो गया। हालांकि विभाग की तत्परता के चलते कई बड़े लीकेज कुछ ही घंटों में ठीक कर लिए गए और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

 ग्रामीणों ने जताया आभार

नई टंकी के शुरू होने पर ग्रामीणों और कस्बेवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए ‘टंकी बचाओ संघर्ष समिति’, क्षेत्रीय विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों और जलदाय विभाग का आभार व्यक्त किया।

 लोगों का कहना है कि वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे क्षेत्र को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही ग्रामीणों ने मांग की है कि पुरानी पाइपलाइन सुधार और शेष कार्यों को भी युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि भविष्य में पानी की बर्बादी रोकी जा सके और आमजन को निर्बाध जलापूर्ति मिलती रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow