स्वाईपुर से बड़लियास तक प्रधानमंत्री ई-बस सेवा विस्तार की मांग
विधायक को सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा। पंचायत समिति कोटड़ी के पूर्व सदस्य एवं भाजपा नेता महाराजा दिलीप सिंह राणावत ने मांडलगढ़ विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर प्रधानमंत्री ई-बस सेवा का विस्तार स्वाईपुर से बड़लियास तक किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा भीलवाड़ा से स्वाईपुर तक संचालित हो रही है, जबकि बड़लियास क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को जिला मुख्यालय आने-जाने के लिए पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं है। भीलवाड़ा-सिंगोली चारभुजा मार्ग पर राजस्थान रोडवेज की केवल एक बस संचालित होने से यात्रियों को भारी भीड़ और असुविधा का सामना करना पड़ता है।
राणावत ने कहा कि बड़लियास क्षेत्र एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र है, जहां पुलिस थाना एवं उपतहसील स्थित हैं। इसके अंतर्गत स्वाईपुर, सरेड़ा, गेंदलिया, आमा, बड़ला, आकौला, बरूदनी, सुरास, जीवाखेड़ा, बनकाखेड़ा और गेगायखेड़ा सहित अनेक ग्राम पंचायतें आती हैं। इन क्षेत्रों के नागरिक शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए प्रतिदिन भीलवाड़ा और बड़लियास की यात्रा करते हैं।
उन्होंने ज्ञापन में उल्लेख किया कि यदि ई-बस सेवा का विस्तार बड़लियास तक किया जाता है तो क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, सुलभ एवं किफायती परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही चित्तौड़गढ़, आमा, मांगरोप, हलेड़, दानथल तथा आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी, जिससे सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
ज्ञापन के माध्यम से विधायक से मांग की गई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर प्रधानमंत्री ई-बस सेवा का विस्तार स्वाईपुर से बड़लियास तक शीघ्र कराया जाए।
What's Your Reaction?







