बारिश से पहले समाधान जरूरी, जल निकासी बाधित होने से बढ़ी चिंता

Jun 1, 2026 - 13:49
 0  119
बारिश से पहले समाधान जरूरी, जल निकासी बाधित होने से बढ़ी चिंता

जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हुई सीसी सड़क

भीलवाड़ा।

मानसून की दस्तक से पहले ही शहर के उपनगर पुर वार्ड नंबर दो के जिंदल रोड पर जल निकासी की गंभीर समस्या सामने आने लगी है।

 क्षेत्र में नगर निगम द्वारा निर्मित सीसी सड़क पिछले दो वर्षों से लगातार जलभराव की समस्या का सामना कर रही है। सड़क पर बारिश और गंदा पानी लंबे समय तक जमा रहने के कारण सड़क कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है।

हालत यह है कि क्षेत्रवासियों और राहगीरों को रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।

 जानकारी के अनुसार वर्षों से जा रहे बारिश के पानी को एक व्यक्ति द्वारा सड़क किनारे मिट्टी डालकर बारिश के पानी की निकासी के रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है। इसके कारण पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है और निकासी नहीं होने से सीसी रोड तालाब का रूप ले रही है।

 वर्तमान में भी मामूली बारिश या पानी जमा होने पर सड़क पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी जमा रहता है, जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हुई है और जगह-जगह दरारें व गड्ढे बन गए हैं।

 सड़क पर जमा पानी से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा है , वहीं पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों और गंदगी का प्रकोप बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

 क्षेत्रवासियों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। आगामी मानसून को देखते हुए लोगों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि बारिश से पहले जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सड़क की मरम्मत के साथ-साथ जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क को और नुकसान से बचाया जा सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow