आम रास्ते पर अतिक्रमण का आरोप, नगर पालिका से कार्रवाई की मांग
गंगापुर में सड़क पर निर्माण और सार्वजनिक टॉयलेट क्षतिग्रस्त करने का मामला गरमाया
गंगापुर।
नगर पालिका गंगापुर के वार्ड संख्या 03 में आम रास्ते पर कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सड़क भूमि पर हो रहे निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाने और सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
प्रार्थी मुकेश माली ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी के नाम दिए ज्ञापन में बताया कि गौतम आश्रम के सामने स्थित आवासीय कॉलोनी में अनुमोदित नक्शे के अनुसार 30 फीट चौड़ी सड़क छोड़ी गई थी, लेकिन अब कथित रूप से कुछ लोगों द्वारा उसी आम रास्ते पर पक्का निर्माण कर अतिक्रमण किया जा रहा है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कॉलोनी निवासी मुरली सालवी द्वारा सड़क भूमि पर निर्माण कार्य कर सार्वजनिक रास्ते को संकरा किया जा रहा है। साथ ही नगर पालिका द्वारा बनाए गए सार्वजनिक टॉयलेट को भी नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मामले को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि संबंधित व्यक्ति सत्ताधारी दल से जुड़ा होने के कारण राजनीतिक प्रभाव का फायदा उठा रहा है। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इस दौरान कई स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे और ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
What's Your Reaction?







