विश्व खाद्य दिवस पर कृषक वैज्ञानिक संवाद आयोजित
उदलियास | कृषि विज्ञान केन्द्र सुवाणा द्वारा अनुसूचित जाति योजनान्तर्गत गोदित गाँव रात्याखेड़ा में विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर कृषक वैज्ञानिक संवाद का आयोजन किया गया।
केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सी. एम. यादव ने बताया कि विश्व खाद्य दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को कुपोषण और भूखमरी के प्रति जागरूक करना है ताकि देश में कोई भी व्यक्ति भूख के कारण अपना जीवन न गवाएं।
डॉ. यादव ने बताया कि भोजन को जीवन का आधार माना जाता है किन्तु आज भी दुनिया में लाखों लोग भूखे पेट सोने और कुपोषण का शिकार बनने पर मजबूर है।
अतः दुनिया भर के लोगों के बीच खाद्य सुरक्षा हेतु जागरूकता फैलाने के लिए प्रतिवर्ष 16 अक्टूबर को विश्व खाद्य दिवस मनाया जाता है।
तकनीकी सहायक अनिता यादव ने बताया कि किसान अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए उन्नत किस्म के बीज उपयोग में लेवे साथ ही बीजोपचार, खरपतवार प्रबन्धन, समन्वित पोषक तत्त्व प्रबन्धन अपनाकर समन्वित कृषि प्रणाली से अधिक आमदनी प्राप्त करें तथा जनजातीय क्षेत्रों में केन्द्र द्वारा संचालित कृषि योजनाओं का लाभ लेकर सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सुधार करने की आवश्यकता प्रतिपादित की।
सहायक कृषि अधिकारी नन्द लाल सेन ने किसानों को कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों के निरन्तर सम्पर्क में रहकर खेती करने, श्री अन्न उत्पादन को बढ़ावा देने और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता लाने पर बल दिया। कार्यक्रम में 98 कृषक एवं कृषक महिलाओं ने भाग लिया।
What's Your Reaction?







